छपरा में 21 अगस्त से पुरबिया नाट्य महोत्सव का आयोजन
सारण, 20 अगस्त (हि.स.)। भोजपुरी लोक संस्कृति और साहित्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छपरा में तीन दिवसीय पुरबिया नाट्य महोत्सव 2026 का आयोजन होने जा रहा है। एसोसिएशन फॉर सोशल हारमोनी एण्ड आर्ट द्वारा आयोजित यह भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम 21 से 23 अगस्त तक शहर के भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी में संपन्न होगा।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी डॉ विभा भारती ने बताया कि इस महोत्सव में जिले के नामचीन नाट्य दल अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक कला से जोड़ना तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। प्रशासन ने जिलावासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

