पंजाब के ब्यास में सड़क हादसे में सुपौल के युवक की मौत, दिवाली पर घर लौटने वाला था सूरज

WhatsApp Channel Join Now
पंजाब के ब्यास में सड़क हादसे में सुपौल के युवक की मौत, दिवाली पर घर लौटने वाला था सूरज


सुपौल, 08 नवंबर (हि.स.)। जिले के छातापुर प्रखंड की ग्वालपाड़ा पंचायत के वार्ड नंबर 8 निवासी सूरज उरांव (25) की पंजाब के ब्यास में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह पंजाब में मजदूरी करता था और दिवाली के अवसर पर घर लौटने वाला था। हालांकि, घर पहुंचने से पहले ही सड़क हादसे में उसकी जान चली गई। दिवाली के दिन उसका शव पैतृक गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, सूरज ब्यास में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था।

शुक्रवार को काम समाप्त करने के बाद वह कमरे से रेलवे स्टेशन जाने के लिए निकला था। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सूरज की मौके पर ही मौत हो गई। जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सूरज का शव गांव लाया गया। शव घर पहुंचते ही पत्नी ललिया देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के चचेरे भाई अमित कुमार ने बताया कि हादसे में सूरज का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था, जिसके कारण पोस्टमार्टम कराना भी संभव नहीं था।

सूरज अपने पीछे पत्नी ललिया देवी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इनमें दो वर्षीय पुत्री साक्षी, तीन वर्षीय पुत्र संतोष और आठ माह का मासूम सुशांत शामिल हैं। पिता की मौत से तीनों बच्चे अनजान हैं, जबकि मां के सामने अब परिवार चलाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। सूरज की बहन रीता कुमारी ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे भाई से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उसने बताया था कि वह दिवाली पर घर आ रहा है और ट्रेन पकड़ने जा रहा है। परिवार को क्या पता था कि इसके बाद सूरज कभी घर नहीं लौटेगा।

घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। जिस घर में दिवाली की तैयारियां होनी थीं, वहां अब परिवार के सदस्य अपनों को खोने के गम में डूबे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774224 Articles

Share this story