सारण में पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ, जिलाधिकारी ने बच्चे को पिलाई दवा

WhatsApp Channel Join Now
सारण में पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ, जिलाधिकारी ने बच्चे को पिलाई दवा


सारण, 28 जून (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पांच दिवसीय विशेष अभियान का शुभारंभ रविवार को हुआ। अभियान की शुरुआत दरियापुर प्रखंड के प्रतापपुर पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम के दौरान की गई।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने एक बच्चे को पोलियो की दो बूंद पिलाकर इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की।

इस अवसर पर जिलेवासियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर और अपंग बनाने वाली बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को दवा की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य दिलवाएं और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान जिले का कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। उन्होंने टीमों को घर-घर जाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

सिविल सर्जन ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष पल्स पोलियो अभियान 28 जून से शुरू होकर 2 जुलाई तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों के साथ-साथ स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी। विभाग द्वारा इसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और प्रशिक्षित टीमों को तैनात किया गया है।

इस मौके पर सारण के सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, दरियापुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story