कटिहार रेल मंडल से चलेंगी 18 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें

WhatsApp Channel Join Now

कटिहार, 24 सितंबर (हि.स.)। आगामी दुर्गापूजा, दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल ने व्यापक तैयारी की है। यात्रियों की सुगम व आरामदायक आवाजाही के लिए विभिन्न दिशाओं में बड़े पैमाने पर पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इसके तहत कटिहार रेल मंडल से 10 जोड़ी तथा मंडल को बाइपास करने वाले मार्गों से 8 जोड़ी, यानी कुल 18 जोड़ी पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं।

सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि पर्व के समय नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) और यात्रियों के अत्यधिक दबाव को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा यह विशेष कदम उठाया गया है। ये स्पेशल ट्रेनें आनंद विहार (दिल्ली), मुंबई, अमृतसर, यशवंतपुर, गोमतीनगर और भागलपुर सहित देश के कई प्रमुख महानगरों और औद्योगिक शहरों के लिए निर्धारित तिथियों में परिचालित की जाएंगी।

विशेष ट्रेनों के चलने से त्योहारी सीजन में महानगरों से अपने घर लौटने वाले परदेसियों और छठ व्रतियों को कन्फर्म सीट पाने में काफी सहूलियत होगी। सीनियर डीसीएम ने आम रेल यात्रियों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान इन स्पेशल ट्रेनों की सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और रेलवे स्टेशनों व ट्रेनों में भीड़भाड़ से बचने के लिए उचित व वैध टिकट लेकर ही सुरक्षित यात्रा करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

Share this story