नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जन आक्रोश महिला सम्मेलन एवं पदयात्रा का हुआ आयोजन
सहरसा, 25 अप्रैल (हि.स.)। नगर में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जन आक्रोश महिला सम्मेलन एवं पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन महिला संगठन ने किया। जन आक्रोश महिला सम्मेलन का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुगामणि देवी ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मधेपुरा लोकसभा के नारी वंदन कार्यक्रम के प्रभारी व सहरसा की मेयर बेनप्रिया ने कहा कि मातृशक्ति का यह आक्रोश और जागरूकता समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगा।रमेश झा महिला कालेज से निकली जन आक्रोश महिला पदयात्रा में समस्त नारीशक्ति के साथ सहभागिता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कहा कि महिलाओं के हक पर वार करने वाली कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के खिलाफ मातृशक्ति का यह आक्रोश संकेत है कि आने वाले समय में इनका पूर्ण सफाया तय है। भाजपा सरकार नारी के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
भाजपा उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की नारी शक्ति को उनके संवैधानिक अधिकार प्रदान करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल की थी, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इस प्रयास को बाधित करने के लिए दुर्भावनापूर्ण रवैया अपनाया। इतिहास साक्षी है कि महिलाओं के अधिकारों के प्रति कांग्रेस का दृष्टिकोण हमेशा उपेक्षापूर्ण रहा है और उनके कार्यकाल में महिलाओं के सम्मान की बार-बार अनदेखी हुई है।
महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुगामणि देवी ने कहा कि देश की नारी शक्ति संवेदनशील और सहनशील है, लेकिन अपने सम्मान के प्रश्न पर वह कभी समझौता नहीं करती। आज वही नारी शक्ति विपक्षी दलों के इस व्यवहार के प्रति आक्रोश व्यक्त कर रही है।
इस पदयात्रा में महिला मोर्चा के सजनी देवी, निशा देवी, इंदिरा झा, पुजा चौधरी, ज्योति भगत, बेबी कुमारी, मीणा सिंह, प्रियंका कुमारी, बबली देवी, रामप्रभा देवी सहित भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के लोगों ने सहरसा के वीर कुंवर सिंह चौक पर राहुल गांधी का पूतला फूंक कर विरोध प्रदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

