सारण में अनुकंपा के आधार पर 13 आश्रितों को जन वितरण प्रणाली की अनुज्ञप्ति स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now
सारण में अनुकंपा के आधार पर 13 आश्रितों को जन वितरण प्रणाली की अनुज्ञप्ति स्वीकृत


सारण, 14 जुलाई (हि.स.)। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आज जिलास्तरीय अनुकम्पा चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला आपूर्त्ति शाखा से संबंधित मृत जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नई अनुज्ञप्ति प्रदान करने पर विचार किया गया।

सदर अनुमंडल के 9, मढ़ौरा के 9 और सोनपुर के 4 सहित कुल 22 प्रस्तावित मामलों की समीक्षा की गई। इनमें से 13 मामलों को स्वीकृति देते हुए आश्रितों को नई अनुज्ञप्ति प्रदान करने की अनुशंसा की गई। वहीं, 5 अयोग्य आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया तथा शेष 4 मामलों के कागजात पूर्ण कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

लंबे समय से लंबित इन मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे विक्रेताओं की मृत्यु के बाद उनके परिजनों से तुरंत संपर्क कर आवेदन प्राप्त करें। उन्होंने अनुकम्पा प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया ताकि आश्रितों को अविलंब लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

Share this story