डीएम ने जनता दरबार में सुनीं फरियाद, राजस्व के मामले सबसे ज्यादा
कटिहार, 20 अप्रैल (हि.स.)। बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ निश्चय को धरातल पर उतारने के लिए सोमवार को समाहरणालय सभागार में जनता दरबार का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने खुद एक-एक आवेदक से रू-ब-रू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण किया।
जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से 20 आवेदक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। सबसे ज्यादा 9 मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े थे। इनमें भूमि मापी, मुआवजा, अतिक्रमण हटाने, भूदान, नामांतरण, वासगीत पर्चा जारी करने और एसीपी का लाभ दिलाने जैसी समस्याएं शामिल रहीं। इसके अलावा डीईओ से 3, एसडीओ से 2, एसएचओ से 3 और सीएस से 3 मामले सामने आए।
सुनवाई के दौरान डीएम ने कुछ आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया। बाकी मामलों के जल्द निस्तारण के लिए संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि ‘सबका सम्मान-जीवन आसान' के तहत हर सोमवार और शुक्रवार को जनता दरबार में आने वाले मामलों का निस्तारण कर उसी दिन प्रतिवेदन जिला मुख्यालय भेजना सुनिश्चित करें। जनता दरबार में जिला पदाधिकारी के साथ प्रभारी पदाधिकारी लोक जन शिकायत प्रशाखा और अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह

