सरस्वती शिशु विद्या मंदिर छपरा में प्रांतीय संकुल स्तरीय बैठक का आयोजन
सारण, 17 अप्रैल (हि.स.)। शहर के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रांगण में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु प्रांतीय संकुल प्रमुख एवं संकुल संयोजन बैठक का उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लोक शिक्षा समिति के प्रदेश सचिव रामलाल सिंह, मुजफ्फरपुर के विभाग निरीक्षक राजेश कुमार रंजन, क्षेत्रीय समिति सदस्य डॉ शरद चौधरी, सीवान विभाग संयोजक प्रो रवींद्र पाठक एवं विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष डॉ अमरनाथ प्रसाद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ किया। अतिथियों का परिचय प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने कराया जबकि स्वागत सचिव डॉ सुरेश प्रसाद सिंह व अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
राजेश कुमार रंजन ने अपने उद्बोधन में बताया कि 1983 से संचालित विद्या भारती की यह योजना बालकों के सर्वांगीण विकास और समाज को जोड़ने में मील का पत्थर साबित हो रही है। मुख्य वक्ता प्रदेश सचिव रामलाल सिंह ने संघे शक्ति कलयुगे का संदेश देते हुए कहा कि संगठन ही शक्ति है। उन्होंने संकुल निर्माण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह विभिन्न परिस्थितियों वाले विद्यालयों के बीच कौशल और अनुभवों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है, जो शिक्षा कार्यकर्ताओं में एकता का संचार करता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शरद चौधरी ने की तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. रवींद्र पाठक द्वारा किया गया। मंच संचालन चंपारण के विभाग निरीक्षक ललित कुमार राय ने किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अमरेश कुमार मिश्र, अनिल कुमार आजाद, मणिभूषण सिन्हा सहित विद्यालय के आचार्य एवं अन्य उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

