मानसून में नागरिकों को राहत देना सर्वोच्च प्राथमिकता: छपरा नगर आयुक्त
सारण, 11 जून (हि.स.)। नगर निगम द्वारा मानसून के मद्देनजर शहर को जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। नगर आयुक्त रंजीत कुमार के निर्देशानुसार, नगर निगम चौक स्थित मुख्य नाले की सफाई अत्याधुनिक 'सुपर सकर' मशीन से की जा रही है।
सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी के अनुसार नाले में भारी मात्रा में गाद, प्लास्टिक और ठोस कचरा जमा होने से पानी का बहाव रुक गया था। यह आधुनिक मशीन कम समय में गहराई से सिल्ट निकालकर नाले की जल निकासी क्षमता को बढ़ा रही है।
नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने अधिकारियों को सभी संवेदनशील और जलजमाव वाले क्षेत्रों की कड़ी निगरानी करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत सफाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। निगम की टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय है।
नगर आयुक्त रणजीत कुमार का कहना है कि मानसून में जनता को राहत देना उसकी पहली प्राथमिकता है, जिसके लिए मानव संसाधन और मशीनरी को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके साथ ही नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालों में कचरा न फेंकें और स्वच्छ एवं जलजमाव-मुक्त छपरा बनाने में सहयोग करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

