बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : बंदना पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी : बंदना पांडेय


किशनगंज, 21 नवंबर (हि.स.)। बेटियों को केवल शिक्षित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा, समान अवसर और सम्मान देना किसी पर उपकार नहीं, बल्कि उनका अधिकार है। यह बातें जिला कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम किशनगंज बंदना पांडेय ने शनिवार को कोचाधामन प्रखंड के प्रोजेक्ट किसान बालिका उच्च विद्यालय, सोंथा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कही।

जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश एवं बंदना पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न और मानव तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मोहम्मद शहबाज आलम, जेंडर विशेषज्ञ सुशील कुमार झा, केस वर्कर टुम्पा दास एवं एमटीएस अनुषिका ने छात्राओं और महिलाओं को कानूनी अधिकारों, लैंगिक समानता, शिक्षा, आत्मसम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। महिलाओं एवं किशोरियों को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न और शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया। बंदना पांडेय ने कहा कि बेटियां किसी भी परिवार और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। समाज को अपनी सोच बदलते हुए बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करना होगा। प्रत्येक बेटी को अपने सपने पूरे करने और जीवन में अपनी अलग पहचान बनाने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम का प्रयास है कि जिले की प्रत्येक महिला और बेटी शिक्षित, जागरूक, सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बने। कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि बेटियों को बचाने के साथ उन्हें पढ़ाना, आगे बढ़ाना और सुरक्षित रखना भी सभी का सामूहिक दायित्व है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780769 Articles

Share this story