ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप में जमीन की खरीद-बिक्री से हटी रोक, भू-स्वामियों को बड़ी राहत

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। भागलपुर में प्रस्तावित विक्रमशिला ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए चिन्हित क्षेत्रों के भूमि स्वामियों के लिए शुक्रवार को बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है।

राज्य मंत्रिपरिषद की मंजूरी और सभी आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इस क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर लगी रोक को तत्काल प्रभाव से हटा लिया गया है। गौरतलब है कि पूर्व में टाउनशिप का मास्टर प्लान तैयार करने के उद्देश्य से 30 जून 2027 तक इस क्षेत्र में जमीन के क्रय-विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया था। बीते 28 अक्टूबर को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में इस प्रतिबंध को समाप्त करने की स्वीकृति प्रदान की गई थी।

अब आधिकारिक रूप से रोक हटने के बाद प्रभावित क्षेत्रों के भू-स्वामियों के लिए जमीन की रजिस्ट्री और दाखिल-खारिज का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इससे अपनी पारिवारिक या आर्थिक जरूरतों के लिए जमीन बेचने या खरीदने का इंतजार कर रहे हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, नगर विकास एवं आवास विभाग के नियमों के अनुसार, जमीन के हस्तांतरण की छूट मिलने के बावजूद टाउनशिप का मास्टर प्लान अधिसूचित होने तक मनमाने भवन निर्माण पर रोक जारी रहेगी और भविष्य में निर्माण कार्य निर्धारित विकास नियंत्रण विनियमों (डीसीआर) के तहत ही किए जा सकेंगे।

टाउनशिप की बाधा दूर होने के साथ ही भागलपुर में हवाई अड्डे के निर्माण की प्रक्रिया ने भी रफ्तार पकड़ ली है। सुल्तानगंज क्षेत्र में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के लिए 1425 एकड़ जमीन के सर्वेक्षण और सामाजिक प्रभाव आकलन (एसआईए) का कार्य तेज कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने इस सर्वेक्षण और आकलन की प्रक्रिया को अगले 45 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। दोनों बड़े फैसलों से जिले में बुनियादी ढांचे के विकास और रियल एस्टेट क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story