अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा ने नाव हादसे के मृतकों के परिजनों को दी 75-75 हजार की आर्थिक सहायता

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा ने नाव हादसे के मृतकों के परिजनों को दी 75-75 हजार की आर्थिक सहायता


भागलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। जिले के खरीक प्रखंड अंतर्गत काजीकौरिया-राघोपुर मार्जिनल बांध पर विगत दिनों फ्लड फाइटिंग कार्य के दौरान गंगा नदी में नाव पलटने की दुखद घटना में जान गंवाने वाले सिकन्दर मंडल एवं बादल कुमार मंडल के पीड़ित परिवारों से मंगलवार को अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा के पदाधिकारियों ने मुलाकात की।

महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अर्पणा कुमारी के नेतृत्व में समाज के सहयोग से पहुंचे शिष्टमंडल ने दोनों मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पीड़ित परिवारों की तत्काल आजीविका की जरूरतों को देखते हुए महासभा की ओर से दोनों परिवारों को 75-75 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही उन्हें आवश्यक राशन एवं खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर महासभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अर्पणा कुमारी ने कहा कि दोनों परिवारों ने अपने परिजनों को खोकर एक अपूरणीय क्षति झेली है। इस कठिन समय में अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा उनके साथ मजबूती से खड़ी है और आगे भी हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि दोनों मृतकों के परिवारों की अत्यंत दयनीय आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। साथ ही, हादसे में गंगा नदी में विलीन हुई सिकंदर मंडल की नाव का भी उचित मुआवजा पीड़ित परिवार को दिया जाए।

उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकारी मुआवजा व अन्य अनुमन्य सहायता राशि दिलाने के लिए महासभा प्रशासन के समक्ष हरसंभव प्रयास करेगी। इस दौरान अखिल भारतीय गंगोत्री महासभा के कोषाध्यक्ष सिंटी कुमार, कार्यकारिणी सदस्य कृष्णकांत किंकर मंडल, सदानंद शर्मा, रंजीत प्रसाद शर्मा, उदयकांत मंडल, मनोज कुमार मंडल, पीताम्बर कुमार, अभिषेक अरनब, नवरत्न मंडल उर्फ टुन मुखिया, प्रशांत गंगोत्री, भानु प्रताप, राकेश कुमार, कारेलाल मंडल, मिथुन कुमार, संदीप कुमार, रामकृष्ण मंडल एवं दिलीप मंडल सहित समाज के कई अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story