बहादुरगंज में आंदोलन उग्र, डीडीसी की सरकारी गाड़ी पर हमला, तोड़फोड़

WhatsApp Channel Join Now
बहादुरगंज में आंदोलन उग्र, डीडीसी की सरकारी गाड़ी पर हमला, तोड़फोड़


किशनगंज, 25 जुलाई (हि.स.)।भारत बंद के दौरान शनिवार को किशनगंज जिले के बहादुरगंज में प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब आंदोलनकारियों की भीड़ ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार झा के सरकारी वाहन को निशाना बनाते हुए उस पर हमला कर दिया।

उपद्रवियों ने वाहन में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।हालांकि राहत की बात यह रही कि डीडीसी इस घटना में पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आसपास के विभिन्न थानों से भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर भेजा गया।

पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित करने की कार्रवाई शुरू की। सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बाद उपद्रवी मौके से तितर-बितर हो गए। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल बहादुरगंज में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है और बाजार सहित अन्य गतिविधियां सामान्य होने लगी हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सरकारी वाहन पर हमला और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, पूरे मामले की जांच जारी है और स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह

Share this story