तेजस्वी के नेतृत्व में सड़कों पर उतरेगा इंडिया गठबंधन: डॉ. चक्रपाणि
भागलपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. चक्रपाणि हिमांशु ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ बड़े आंदोलन का शंखनाद किया है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में आगामी 7 और 8 अक्टूबर 2026 को पूरे राज्य में इंडिया गठबंधन द्वारा व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
डॉ. हिमांशु ने कहा कि देश में प्रजातंत्र की रक्षा करने और तानाशाही शक्तियों को सत्ता से बेदखल करने के लिए यह आर-पार की लड़ाई शुरू हो रही है। आंदोलन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। 7 अक्टूबर को बिहार के सभी प्रखंड (ब्लॉक) मुख्यालयों पर जोरदार प्रदर्शन और पुतला दहन किया जाएगा। 8 अक्टूबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित होगा और राजधानी पटना में 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकाला जाएगा। यह मार्च ऐतिहासिक शहीद स्मारक से शुरू होकर महामहिम राज्यपाल के निवास (राजभवन) तक जाएगा।
इस महा-आंदोलन और 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' में इंडिया गठबंधन के सभी माननीय विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और गठबंधन के सभी शीर्ष व वरिष्ठ नेता एकजुट होकर भाग लेंगे। डॉ. चक्रपाणि ने दावा किया कि यह आंदोलन देश में लोकतंत्र को कुचलने वाली ताकतों के खिलाफ मील का पत्थर साबित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

