सहरसा में एम्स की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
सहरसा में एम्स की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन


सहरसा, 23 मई (हि.स.)। सहरसा में एम्स अस्पताल की स्थापना की मांग को लेकर शंकर चौक स्थित मंदिर परिसर में एक सांकेतिक धरना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धरना में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि सहरसा में एम्स अस्पताल की स्थापना के लिए आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

धरना की अध्यक्षता मनोज गुप्ता ने की। जबकि कार्यक्रम का संचालन पूर्व वार्ड पार्षद मिथिलेश झा ने किया। वक्ताओं ने कहा कि कोसी क्षेत्र की बड़ी आबादी आज भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में परेशान है। गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना, दरभंगा और दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। ऐसे में सहरसा में एम्स की स्थापना क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए बेहद जरूरी है।

धरना में कोशी संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष विनोद कुमार,संरक्षक प्रवीण आनंद सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान प्रवीण सिंह, संजय कुमार सिन्हा, हरिश्चंद्र चौधरी, अमृत राज, ध्रुव चौधरी एवं अन्य लोगों ने भी अपने विचार रखे और आंदोलन को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

धरना के दौरान वक्ताओं ने सरकार से जल्द सहरसा में एम्स स्थापना की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जायेगा।

ज्ञात हो कि सहरसा मे जमीन चिन्हित होने के बावजूद राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के कारण दरभंगा में एम्स अस्पताल का निर्माण की घोषणा कर दी गई। जबकि दस वर्षों में एम्स नही बन पाया। वही सहरसा के एम्स निर्माण संघर्ष समिति द्वारा अनवरत धरना-प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान के साथ साथ न्यायालय का द्वार भी खटखटाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story