ज्ञानेश मोदी शाह गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा पिपरा और त्रिवेणीगंज

WhatsApp Channel Join Now
ज्ञानेश मोदी शाह गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा पिपरा और त्रिवेणीगंज


ज्ञानेश मोदी शाह गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा पिपरा और त्रिवेणीगंज


सुपौल, 07 अक्टूबर (हि.स.)। महागठबंधन सुपौल के संयुक्त आह्वान पर मंगलवार को पिपरा और त्रिवेणीगंज में केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर, ज्ञानेश मोदी शाह गद्दी छोड़’ समेत विभिन्न नारे लगाते हुए सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शन के बाद पुतला दहन कर संबंधित नेताओं से इस्तीफे की मांग की गई।

पिपरा में विरोध मार्च बिनोबा मैदान से शुरू होकर प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचा। मार्च में शामिल नेता और कार्यकर्ता हाथों में झंडे और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। प्रखंड मुख्यालय पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुतला दहन किया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

त्रिवेणीगंज में भी महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने मवेशी अस्पताल परिसर से विरोध मार्च निकाला। मार्च विभिन्न मार्गों से होते हुए चिलौनी नदी तक पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन किया। इस दौरान केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन में भाकपा माले, राजद और माकपा के बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक संबंधित लोगों का इस्तीफा नहीं होता, तब तक आंदोलन और संघर्ष जारी रखा जाएगा।

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक अधिकारों और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तीनों के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story