विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन


भागलपुर, 20 मई (हि.स.)। बिहार राज्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों ने बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

टीएमबीयू शाखा इकाई की ओर से निकाला गया विरोध मार्च बीएन कॉलेज से शुरू होकर शहर के विभिन्न कॉलेजों से गुजरते हुए टीएमबीयू प्रशासनिक भवन पहुंचा, जहां कर्मचारियों ने धरना और प्रदर्शन किया। महासंघ के टीएमबीयू प्रक्षेत्रीय मंत्री सुशील मंडल ने बताया कि विरोध मार्च सुबह 11 बजे बीएन कॉलेज से शुरू हुआ।

यह मार्च टीएनबी कॉलेज और मारवाड़ी कॉलेज होते हुए विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन पहुंचकर समाप्त हुआ। इसके बाद कर्मचारियों ने धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। सुशील मंडल ने कहा कि विश्वविद्यालय और कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इनमें वेतन भुगतान के साथ बकाया एरियर, एसीपी, एमसीपी और कर्मचारियों की प्रोन्नति जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

महासंघ का कहना है कि करीब दो दशक से विश्वविद्यालय और कॉलेजों में कार्यरत कर्मचारियों को प्रोन्नति नहीं दी गई है। कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ वार्ता भी की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर पहल नहीं की जा रही है।

इसी कारण अब आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया है। धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की और जल्द समाधान नहीं होने पर आगे उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस विरोध प्रदर्शन में बीएन कॉलेज, टीएनबी कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज, एसएम कॉलेज, सबौर कॉलेज और टीएनबी लॉ कॉलेज के कर्मचारी नेता और कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story