विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं होने को लेकर प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं होने को लेकर प्रदर्शन


भागलपुर, 28 मई (हि.स.)। बीते मंगलवार को आए आंधी और तुफान का असर जिले में अब भी देखा जा रहा है। कई इलाके में अभी तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। जिसके कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

आंधी-तूफान में नाथनगर इलाके में कई पेड़ और बिजली के पोल गिर गए थे, जिससे बिजली व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गयी।

गुरुवार तक भी बिजली बहाल नहीं होने और सड़क पर गिरे पोल को नहीं हटाए जाने से नाराज़ रामपुर खुर्द इलाके के लोग सड़क पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने अनाथालय रोड स्थित रेलवे अंडरपास पुल को पेड़ों की झाड़ियों से बंद कर पूरी तरह जाम कर दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना था कि जिला प्रशासन और विभाग बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी सड़क पर गिरे बिजली पोल को नहीं हटाया जा सका है।

लोगों ने बताया कि नाथनगर के दक्षिणी क्षेत्र में 60 घंटे से अधिक समय से बिजली गुल है। इसके कारण मोबाइल, इनवर्टर और फ्रीज पूरी तरह बंद पड़े हैं। भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सबसे बड़ी समस्या पानी की हो गई है। जिन इलाकों में समरसेबल है वहां जनरेटर के सहारे पानी निकाला जा रहा है, लेकिन इसके लिए लोगों से भारी रकम वसूली जा रही है। एक हजार लीटर पानी की टंकी भरने के लिए 300 से 500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। जिन घरों में समरसेबल नहीं है, उन्हें पैसे देने के बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा-बुझाकर कर स्थिति सामान्य कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story