बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का फूटा गुस्सा, स्टेशन चौक पर नुक्कड़ सभा कर सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का फूटा गुस्सा, स्टेशन चौक पर नुक्कड़ सभा कर सरकार को घेरा


भागलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। बढ़ती महंगाई और आसमान छूती कीमतों के खिलाफ महिला कांग्रेस के बैनर तले गुरुवार को स्टेशन चौक के समक्ष एक नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया।

इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महिला कांग्रेस की सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में केंद्र और राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और महंगाई पर तुरंत नियंत्रण लगाने की मांग की।

इस नुक्कड़ सभा में विशेष रूप से शामिल हुए भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने वर्तमान सरकार पर जमकर निशाना साधा। आम जनता की दिक्कतों को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, “देश और राज्य में लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर शिक्षा तक, हर क्षेत्र में लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। आज के समय में एक मध्यमवर्गीय और गरीब परिवार के लिए घर चलाना बेहद मुश्किल हो गया है। पूर्व विधायक ने आगे कहा कि खाने-पीने की वस्तुओं सहित सभी आवश्यक सामानों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन उस अनुपात में लोगों की आय और वेतन नहीं बढ़ रहा है।

उन्होंने शिक्षा के गिरते स्तर और बढ़ती लागत पर भी गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि स्कूल फीस और शैक्षणिक खर्चों के बोझ से अभिभावक परेशान हैं। अजीत शर्मा ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर सरकार महंगाई को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठा रही है? उन्होंने मांग की कि सरकार को इस गंभीर मुद्दे पर विशेष पहल कर आम जनता को तुरंत राहत पहुंचानी चाहिए।

नुक्कड़ सभा के दौरान महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने की मांग की। इस कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने यह संदेश दिया कि वह आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story