रास्ता हटाने पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
रास्ता हटाने पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा, प्रशासन के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन


भागलपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा स्थित दीपनगर गंगा घाट के पास बुधवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब जिला प्रशासन गंगा में अवैध तरीके से बनाए गए रास्ते को हटाने पहुंचा। कार्रवाई के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता उनके लिए जीवनरेखा की तरह है। इसके हट जाने से उनका शहर से संपर्क टूट जाएगा और हजारों एकड़ में लगी गेहूं और मक्के की फसल की देखभाल और कटाई में भारी दिक्कतें आएंगी। वहीं प्रशासन का पक्ष है कि गंगा में बने इस अवैध रास्ते की वजह से मालवाहक जहाजों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। जलमार्ग को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए इस रास्ते को हटाना जरूरी है। इसके बदले कोयला घाट के पास वैकल्पिक रास्ता भी उपलब्ध कराया गया है।

मामले की सूचना मिलने पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी बिकाश कुमार मौके पर पहुंचे जहां लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और स्थिति तनावपूर्ण हो गई फिलहाल प्रशासन हालात को नियंत्रित करने में जुटा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story