पुनर्वास की मांग को लेकर आदिवासियों का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पुनर्वास की मांग को लेकर आदिवासियों का प्रदर्शन


भागलपुर, 14 मई (हि.स.)। जिले के पीरपैंती में निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट क्षेत्र में पुनर्वास की मांग को लेकर गुरुवार को आदिवासी समाज के लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने पावर प्लांट के मुख्य गेट को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

इस दौरान लोगों ने प्रशासन और प्लांट प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि अदानी पावर प्लांट प्रबंधन द्वारा विस्थापित परिवारों के लिए जो घर बनाए जा रहे हैं वे उनकी जरूरतों और मांगों के अनुरूप नहीं हैं।

आदिवासी समाज के लोगों ने कहा कि वे पहले ही अपनी जमीन और गांव छोड़ चुके हैं। लेकिन अब पुनर्वास के नाम पर छोटे और असुविधाजनक घर दिए जा रहे हैं। कई बार शिकायत और मांग रखने के बावजूद उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया। जिसके बाद आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिमन्यु कुमार और अंचलाधिकारी चंद्रशेखर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और उन्हें निर्माणाधीन पुनर्वास स्थल का निरीक्षण कराया। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि फिलहाल लोग वहां रहें। आगे उनकी मांगों के अनुसार अन्य व्यवस्था पर विचार किया जाएगा। वहीं स्थानीय विधायक मुरारी पासवान ने भी आंदोलनरत आदिवासी परिवारों का समर्थन किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विस्थापितों को रहने योग्य जमीन नहीं दी जा रही है और पूरे मामले में मनमानी की जा रही है। हालांकि प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति धीरे-धीरे शांत हुई। लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story