भागलपुर में पुराना वेतनमान और पुरानी पेंशन के लिए डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर में पुराना वेतनमान और पुरानी पेंशन के लिए डीएम कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन


भागलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ (मूल) के प्रदेश व्यापी आह्वान पर शनिवार को भागलपुर जिला संघ द्वारा जिला पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया।

नियोजित शिक्षकों पर सरकार की दोहरी नीति के विरोध में सैकड़ों की संख्या में जुटे शिक्षकों ने जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष पूरण कुमार ने सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने कहा कि सरकार नियोजित शिक्षकों के साथ लगातार सौतेला व्यवहार और दोहरी नीति अपना रही है। एक ही विद्यालय में समान कार्य करने वाले शिक्षकों के बीच भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक सरकार हमारी जायज मांगों पुराना वेतनमान और पुरानी पेंशन को पूरा नहीं करती, तब तक संघ का यह आंदोलन थमेगा नहीं। हम अपना अधिकार लेकर रहेंगे।

सभा का संचालन करते हुए भागलपुर के जिला सचिव वीर शिवाजी ने स्थानीय शिक्षकों को एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भागलपुर के शिक्षक आज सड़क पर उतरकर यह साफ संदेश दे चुके हैं कि वे अपनी उपेक्षा अब और सहन नहीं करेंगे। पुराना वेतनमान, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, स्नातक ग्रेड में अविलंब प्रोन्नति और सेवा निरंतरता का लाभ हमारा कानूनी हक है। अगर सरकार ने जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा और हम पटना की धरती पर महासत्याग्रह करेंगे।

इस मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए सैकड़ों शिक्षक, महिला शिक्षिकाएं और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी ने एक सुर में सरकार से अपनी मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story