लॉ की सीटें बढ़ाने और 5 वर्षीय कोर्स शुरू करने की मांग को लेकर धरना

WhatsApp Channel Join Now
लॉ की सीटें बढ़ाने और 5 वर्षीय कोर्स शुरू करने की मांग को लेकर धरना


भागलपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय परिसर में शुक्रवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन और भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय सत्याग्रह और भूख हड़ताल का आयोजन किया गया। धरने के माध्यम से छात्रों ने 3 वर्षीय एलएलबी की सीटों की संख्या दोबारा 324 करने और कई वर्षों से बंद पड़े 5 वर्षीय लॉ कोर्स में नामांकन जल्द शुरू करने की मांग उठाई। साथ ही टीएमबीयू के छात्र-छात्राओं को नामांकन में प्राथमिकता देने की भी मांग की गई।

धरने का नेतृत्व युवा कांग्रेस के नेता विकास सिंह और एनएसयूआई के अमन कुमार मिनाटी ने किया। एनएसयूआई के नेता मृत्युंजय कुमार ने कहा कि लॉ की सीटों में कटौती से हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। वहीं युवा कांग्रेस के नेता विकास सिंह ने कहा कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द उनकी मांगों पर फैसला नहीं लेता है तो एनएसयूआई और युवा कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे।

इस आंदोलन को जन अधिकार पार्टी का भी समर्थन मिला। मारवाड़ी कॉलेज जाप के अध्यक्ष रॉकी शर्मा ने धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया और कहा कि किसी भी छात्र को शिक्षा के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। धरना-प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित साह, एनएसयूआई के नेता मृत्युंजय कुमार, अभिनंद यादव, आशीष कुमार, सोनू कुमार, अंकित कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story