अल्पसंख्यक छात्रावास पर अवैध कब्जे के खिलाफ छात्र जदयू का प्रदर्शन, जांच की मांग

WhatsApp Channel Join Now
अल्पसंख्यक छात्रावास पर अवैध कब्जे के खिलाफ छात्र जदयू का प्रदर्शन, जांच की मांग


भागलपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) परिसर स्थित अल्पसंख्यक छात्रावास में कथित अवैध कब्जे के खिलाफ छात्र जदयू ने मोर्चा खोल दिया है। छात्र जदयू के बैनर तले गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र जदयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष मोहम्मद एहसान उल राजा उर्फ डेविड ने किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रावास के अधीक्षक की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर अवैध कब्जा कराया गया है। इस लापरवाही के कारण दूर-दराज से आने वाले वास्तविक जरूरतमंद और पात्र छात्रों को आवास की सुविधा नहीं मिल पा रही है। छात्र नेताओं ने कहा कि छात्रावास का निर्माण छात्रों के कल्याण के लिए किया गया है, लेकिन वर्तमान में नियमों की सरेआम अनदेखी की जा रही है। धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, तत्काल प्रभाव से अवैध कब्जा हटाने तथा संलिप्त दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

छात्र जदयू ने सख्त चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई उचित और ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो संगठन उग्र एवं चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी। छात्र नेताओं ने स्पष्ट किया कि उनका यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और व्यवस्था में सुधार के लिए है। अब देखना होगा कि इस गंभीर मामले पर विश्वविद्यालय प्रशासन क्या रुख अपनाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story