वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सुरक्षा कर्मियों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सुरक्षा कर्मियों ने किया प्रदर्शन


भागलपुर, 18 मई (हि.स.)। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल मायागंज भागलपुर में सोमवार को अचानक सुरक्षा कर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में सुरक्षा गार्ड अस्पताल परिसर में जुटकर प्रदर्शन करने लगे।

सुरक्षा कर्मियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी को लेकर सभी गार्ड एकजुट होकर हड़ताल पर बैठ गए हैं।

प्रदर्शन कर रहे गार्डों ने कहा कि मौजूदा वेतन में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कई बार अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं की गई।

हड़ताल कर रहे कर्मियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मियों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

खबर लिखे जाने तक अस्पताल प्रशासन या संबंधित विभाग का कोई अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने नहीं पहुंचा था। अचानक हुई हड़ताल से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता दिख रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story