पेंशन के भुगतान को लेकर पेंशनरों का नगर निगम में धरना प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
पेंशन के भुगतान को लेकर पेंशनरों का नगर निगम में धरना प्रदर्शन


भागलपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतान को लेकर बार-बार आश्वासन के बाद भी उन लोगों को भुगतान नहीं किया जा रहा था। जिससे आक्रोशित पेंशनरों ने मंगलवार को नगर आयुक्त के खिलाफ नगर निगम परिसर में धरना पर बैठ गए और जमकर नगर आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की।

धरना पर बैठे लोगों का कहना था कि हम लोगों को सिर्फ आश्वासन दिया जाता है। लेकिन धरातल पर कुछ भी नहीं हो पा रहा है। हम लोग अपने हक की लड़ाई पहले से लड़ रहे हैं। लेकिन अभी तक हम लोगों को कोई ठोस आयाम नहीं मिल पाया है। बताया कि हम लोग दिनांक 06 अप्रैल 2026 को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने नगर आयुक्त से शिष्टाचार मुलाकात की।

इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शैलेन्द्र पाठक ने किया। मुलाकात के दौरान पेंशनरों के लंबित वेतन एवं भुगतान से संबंधित मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल में पाठक के साथ राजेन्द्र ओझा (सचिव), शंकराचार्य उपाध्याय, जवाहर तांती सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। संघ के सचिव राजेन्द्र ओझा ने नगर आयुक्त को पूर्व में हुई वार्ता के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पेंशनरों को समय पर भुगतान नहीं मिलने से उन्हें कई तरह की आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे जल्द से जल्द दूर किया जाना आवश्यक है। इस पर नगर आयुक्त ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि नगर विकास विभाग, पटना से सत्यापित कागजात उपलब्ध कराने के लिए स्थापना शाखा को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होते ही कर्मचारियों के भुगतान में तेजी लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story