पेंशन की मांग को लेकर टीएमबीयू पेंशनरों का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
पेंशन की मांग को लेकर टीएमबीयू पेंशनरों का प्रदर्शन, कुलपति को सौंपा ज्ञापन


भागलपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के पेंशनर संघर्ष मंच भागलपुर के बैनर तले बुधवार को बड़ी संख्या में पेंशनर अपनी मांगों को लेकर एकजुट हुए। सभी ने मिलकर कुलपति के नाम एक आवेदन सौंपा और अपनी लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की।

पेंशनर संघर्ष मंच के सदस्यों ने बताया कि उन्हें अभी तक उनकी समस्याओं पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है, जिससे वे काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि करीब 2669 पेंशनरों को पेंशन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है और कई महीनों से वे अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं।

मंच के सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार आवेदन और अनुरोध के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इससे पेंशनरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पेंशनरों ने कुलपति को लिखित रूप से अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जल्द से जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story