भागलपुर नगर निगम, कर्मचारियों की हड़ताल के तीसरे दिन प्रदर्शन, ताला लगाने पर हंगामा, एक कर्मचारी बेहोश

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर नगर निगम, कर्मचारियों की हड़ताल के तीसरे दिन प्रदर्शन, ताला लगाने पर हंगामा, एक कर्मचारी बेहोश


भागलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे भागलपुर नगर निगम के कर्मचारियों का आंदोलन तेज हो गया है।

हड़ताल के तीसरे दिन शनिवार को कर्मचारियों ने तातारपुर स्थित नगर निगम गोदाम से एक विशाल जुलूस निकाला और नगर निगम कार्यालय तक मार्च किया। जैसे ही प्रदर्शनकारी कर्मचारी नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां तैनात सुरक्षाकर्मी ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया।

इस कार्रवाई से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों में भारी नाराजगी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। गेट बंद होने के बाद मचे हंगामे के बीच एक प्रदर्शनकारी कर्मचारी अचानक बेहोश होकर मुख्य गेट पर ही गिर पड़ा।

कर्मचारी के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में साथी कर्मचारियों ने उसे संभाला और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस घटना के बाद कर्मचारियों का गुस्सा सुरक्षाकर्मी के खिलाफ और बढ़ गया। आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि उनके साथी कर्मचारी के साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी की होगी। उल्लेखनीय है कि कर्मचारी अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर लगातार आंदोलन पर डटे हुए हैं। इस घटना के बाद काफी देर तक नगर निगम कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story