सामाजिक सुरक्षा और निबंधन में भ्रष्टाचार के खिलाफ भागलपुर में मजदूरों का गर्जन

WhatsApp Channel Join Now
सामाजिक सुरक्षा और निबंधन में भ्रष्टाचार के खिलाफ भागलपुर में मजदूरों का गर्जन


भागलपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। मजदूरों के सामाजिक सुरक्षा व निबंधन में धांधली, भ्रष्टाचार और श्रम विभाग के अधिकारियों के मनमानेपन के खिलाफ गुरुवार को यहाँ सैकड़ों महिला–पुरुष मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन (ऐक्टू) के राज्यव्यापी आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने भागलपुर उपश्रमायुक्त कार्यालय का घेराव किया।

इससे पूर्व, मांगों के समर्थन में गगनभेदी नारे लगाते हुए मजदूरों का एक विशाल जुलूस स्टेशन चौक से निकला, जो मुख्य बाजार, खलीफाबाग चौक और घंटाघर होते हुए श्रम कार्यालय परिसर पहुंचा। प्रदर्शन का नेतृत्व एआईसीडब्लू्एफ के राष्ट्रीय महासचिव व ऐक्टू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एसके शर्मा तथा ऐक्टू व बिहार राज्य निर्माण मजदूर यूनियन के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने किया।

श्रम कार्यालय परिसर में सभा को सम्बोधित करते हुए एसके शर्मा ने कहा कि मौजूदा सरकार में लगातार मजदूरों पर हमले हो रहे हैं और उनके अधिकारों में कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण मजदूरों के कल्याण बोर्ड में वर्षों से मजदूरों का कोई प्रतिनिधि नहीं है। जमीनी समस्याओं से दूर रहकर श्रम विभाग के नौकरशाह मनमाने फैसले ले रहे हैं, जिससे मजदूरों की परेशानी बढ़ रही है।

निबंधन और सामाजिक सुरक्षा के नियमों में अधिकारियों द्वारा एकतरफा बदलाव मजदूरों को उनके हक से वंचित करने की साजिश है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा आवेदनों की जांच के नाम पर निचले स्तर के अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। ऑनलाइन और पोर्टल अपडेट के बहाने मजदूरों को परेशान किया जा रहा है और लेबर ऑफिस के महीनों चक्कर लगवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विभाग की नियत मजदूरों को लाभ देने की नहीं, बल्कि उन्हें वंचित करने की दिख रही है। प्रदर्शन के बाद राज्य सह जिला सचिव मुकेश मुक्त के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपश्रमायुक्त के माध्यम से बिहार के श्रम मंत्री और 'बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड' के अध्यक्ष को संबोधित एक स्मार पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय मांगों पर उपश्रमायुक्त से सकारात्मक वार्ता भी की, जिसके बाद उपश्रमायुक्त ने एक महीने के भीतर समस्याओं को सुलझाने का आश्वासन दिया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि एक महीने में समाधान नहीं हुआ, तो पटना में श्रम मंत्री के समक्ष बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में दिनेश कापरी, कविता देवी, गुड़िया देवी और चंचल पंडित शामिल थे।

इस विरोध प्रदर्शन में ऐक्टू के जिला संयुक्त सचिव अमर कुमार, अमित गुप्ता, सकलदेव प्रसाद सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में निर्माण मजदूर उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story