कहलगांव अंचल कार्यालय पर विस्थापित परिवारों का धरना-प्रदर्शन, वासगीत पर्चा देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कहलगांव अंचल कार्यालय पर विस्थापित परिवारों का धरना-प्रदर्शन, वासगीत पर्चा देने की मांग


भागलपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। गंगा नदी के भीषण कटाव से विस्थापित हुए भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा और आवासीय जमीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को बिहार प्रदेश मत्स्यजीवी जल श्रमिक संघ के बैनर तले कहलगांव अंचल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया गया।

सुबह 11 बजे से शुरू हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कटाव पीड़ित और भूमिहीन परिवार शामिल हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। धरना सभा को संबोधित करते हुए संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि गंगा कटाव के कारण सैकड़ों परिवार अपना घर-बार और जमीन खो चुके हैं।

वर्षों से प्रशासन को आवेदन देने के बावजूद अब तक विस्थापित परिवारों को स्थायी रूप से बसाने की ठोस पहल नहीं की गई है। वक्ताओं ने मांग की कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए बसे हुए भूमिहीन परिवारों को उजाड़ने का नोटिस तत्काल वापस लिया जाए।

प्रदर्शन के बाद संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने अंचलाधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सभी चिन्हित विस्थापित और भूमिहीन परिवारों को अविलंब वासगीत पर्चा निर्गत करने, आवास के लिए जमीन आवंटित करने तथा बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की मांग की गई।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन शीघ्र ही पुनर्वास की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाता है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782335 Articles

Share this story