नीट पेपर लीक, कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
भागलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरूवार को भागलपुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाहरणालय (कलेक्ट्रेट) गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के साथ-साथ पूरी परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की मांग की।
भागलपुर समाहरणालय गेट पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और छात्र संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शन के कारण कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं और पेपर लीक से देश के लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। हक की मांग कर रहे मासूम छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई पूरी तरह से तानाशाही और लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यप्रणाली की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए। भविष्य की परीक्षाओं को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज किए गए सभी पुलिस मुकदमों को तुरंत वापस लिया जाए। प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने भागलपुर के सदर अनुमंडल पदाधिकारी को अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों के हित में जल्द ही सकारात्मक फैसला नहीं लिया, तो यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से आगे भी जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

