वोट चोरी’ के खिलाफ भागलपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, समाहरणालय के मुख्य द्वार पर जड़ा ताला, जमकर की नारेबाजी

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी’ के खिलाफ भागलपुर में कांग्रेस का हल्लाबोल, समाहरणालय के मुख्य द्वार पर जड़ा ताला, जमकर की नारेबाजी


भागलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी और बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के देशव्यापी आह्वान पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमिटी के नेतृत्व में सोमवार को समाहरणालय के समक्ष एक विशाल विरोध-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों और कथित ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए सड़क पर उतरकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

प्रदर्शनकारियों के कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ने पर सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा समाहरणालय का मुख्य गेट बंद कर उस पर ताला लगा दिया गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर ही खड़े होकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़ो और वोट चोर कहां मिलेगा, बीजेपी के दफ्तर में जैसे राजनीतिक नारे लगाए, जिससे पूरा इलाका गूंज उठा ।

इस विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व भागलपुर कांग्रेस जिला प्रभारी राहुल सिंह चौहान ने किया। आंदोलन को धार देने के लिए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परवेज जमाल, पूर्व विधायक अजीत शर्मा, वरिष्ठ नेता महेश राम, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित कुमार और महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष सुनीता देवी सहित कई प्रमुख स्थानीय नेता पदाधिकारी मुख्य रूप से शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे और तख्तियां लेकर चल रहे थे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता के अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पारदर्शिता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक कथित 'वोट चोरी' के आरोपों पर स्थिति स्पष्ट नहीं होती और उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक पार्टी का यह देशव्यापी आंदोलन और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story