बिहार ग्रामीण बैंक कर्मियों का क्षेत्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
बिहार ग्रामीण बैंक कर्मियों का क्षेत्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन


भागलपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय भागलपुर के समक्ष मंगलवार को बैंक के कर्मचारी एवं अधिकारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक के कथित तानाशाही रवैये के विरोध में प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम बिहार ग्रामीण बैंक एम्प्लॉय फेडरेशन एवं ऑफिसर फेडरेशन के संयुक्त बैनर तले आयोजित किया गया।

प्रदर्शन में करीब 100 की संख्या में महिला एवं पुरुष बैंककर्मी शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए ऑफिसर फेडरेशन के महासचिव मोहम्मद नदीम अख्तर ने कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक के कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की और बैंक प्रबंधन से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय प्रबंधक को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

नेताओं ने कहा कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं की गई तो आने वाले दिनों में और व्यापक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बैंक प्रबंधन की होगी।

इस अवसर पर ऑफिसर फेडरेशन के क्षेत्रीय सचिव आकाश आनंद, अध्यक्ष अरविंद कुमार, एम्प्लॉय फेडरेशन के सचिव अजीत कुमार, अध्यक्ष राजकुमार सहित ऋतु सिंह, ऋचा ठाकुर, शालिनी सिन्हा, बेनजीर हसन, रामअवतार यादव, कुणाल कुमार, मुकेश कुमार, आनंद सागर एवं बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story