एबीवीपी का प्रदर्शन, परीक्षा में धांधली की उच्चस्तरीय जांच और लाठीचार्ज के विरोध में फूंका पुतला
भागलपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का आक्रोश फूट पड़ा है। शुक्रवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने भागलपुर के भामाशाह चौक पर झारखंड सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए पुतला दहन भी किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय ने झारखंड सरकार और वहां के प्रशासनिक तंत्र पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा में धांधली बेहद गंभीर हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना जीवन खपाने वाले लाखों नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए और इसमें संलिप्त दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। प्रदेश सह मंत्री ने परीक्षा में पारदर्शिता की मांग कर रहे छात्र-युवाओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वालों पर बर्बरता करना सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है। सरकार को लाठी के दम पर छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी जायज मांगों का तुरंत समाधान निकालना चाहिए। विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो संगठन चुप नहीं बैठेगा और चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा
। भामाशाह चौक पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में एबीवीपी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल हुए। मौके पर मुख्य रूप से विभाग संयोजक सूर्यप्रताप दुबे, जिला संगठन मंत्री राजीव रंजन, जिला संयोजक पीयूष भारती और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य किशन सोनी उपस्थित रहे। इसके अलावा छात्र नेता हर्ष मिश्रा, दिव्यांशु शर्मा, प्रणव यादव, श्रवण, मोहित लक्षण, कुणाल, साक्षी, चुनमुन, रितिका सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

