रिजल्ट में देरी और बदहाल व्यवस्था को लेकर परीक्षा विभाग में बवाल, एबीवीपी ने किया परीक्षा नियंत्रक का घेराव

WhatsApp Channel Join Now
रिजल्ट में देरी और बदहाल व्यवस्था को लेकर परीक्षा विभाग में बवाल, एबीवीपी ने किया परीक्षा नियंत्रक का घेराव


भागलपुर, 30 सितंबर (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) के प्रशासनिक भवन में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर परीक्षा नियंत्रक का घेराव किया और प्रदर्शन किया। इस दौरान आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने परीक्षा विभाग और प्रशासनिक भवन परिसर में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

आंदोलन कर रहे छात्रों का आरोप है कि अंगीभूत और संबद्ध कॉलेजों के लगभग तीन हजार से अधिक विद्यार्थियों का रिजल्ट पिछले कई महीनों से लंबित है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटका हुआ है। कार्यकर्ताओं ने मुख्य रूप से पीबीएस कॉलेज बांका के 672 छात्रों के विषय परिवर्तन की समस्या तथा स्नातक और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लंबित परिणामों को जल्द से जल्द जारी करने की मांग रखी।

छात्रों ने कहा कि परीक्षा विभाग की लापरवाही के कारण सत्र लगातार पिछड़ रहा है, जिसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। घंटों चले हंगामे और घेराव के बाद विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने परीक्षा नियंत्रक को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। एबीवीपी के छात्र नेताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी देते हुए 2 अक्टूबर तक सभी लंबित मामलों और रिजल्ट पर उचित निर्णय लेने का अल्टीमेटम दिया है।

छात्रों ने साफ कहा कि यदि तय समय सीमा के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो विश्वविद्यालय में तालाबंदी कर इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। हंगामे की सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मी और पुलिस बल भी मौके पर पहुंचे। काफी देर तक चली तीखी बहस के बाद परीक्षा नियंत्रक ने छात्रों को आश्वस्त किया कि तकनीकी खामियों को दूर कर लंबित परीक्षा परिणामों और छात्रों की अन्य समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द किया जाएगा। अधिकारी के ठोस आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और घेराव समाप्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story