एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलपति को चूड़ी भेंट कर दर्ज कराया विरोध

WhatsApp Channel Join Now
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कुलपति को चूड़ी भेंट कर दर्ज कराया विरोध


भागलपुर, 25 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं द्वारा गुरुवार को विश्वविद्यालय में व्याप्त कथित शैक्षणिक अराजकता एवं भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों को लेकर कुलपति से मिलकर शिकायत करने का प्रयास किया गया।

परिषद के कार्यकर्ता कई दिनों से कुलपति से मिलने का प्रयास कर रहे थे, किंतु कुलपति के विश्वविद्यालय में अनुपस्थित रहने के कारण मुलाकात संभव नहीं हो सकी। जब कई दिनों बाद कुलपति विश्वविद्यालय पहुंचे, तब भी विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के प्रति उनकी उदासीनता स्पष्ट दिखाई दी। इसके विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कुलपति को चूड़ी भेंट कर अपना अनोखा विरोध दर्ज कराया।

परिषद का कहना है कि पूर्व में टी.एन.बी. कॉलेज में असामाजिक तत्वों द्वारा विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर हमले का प्रयास किया गया था। इसके अतिरिक्त एक शिक्षक नीलेश कुमार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर भी परिषद ने आवेदन दिया था तथा आंदोलन किया था। किंतु अब तक किसी भी मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगातार शिकायतों एवं आंदोलनों के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता दुर्भाग्यपूर्ण है। इसी के विरोध में कुलपति को चूड़ी भेंट कर यह संदेश दिया गया कि यदि वे विश्वविद्यालय की समस्याओं के समाधान एवं दोषियों पर कार्रवाई करने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री कुणाल पांडेय एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हैप्पी आनंद ने संयुक्त रूप से कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के हितों, विश्वविद्यालय में शैक्षणिक वातावरण की बहाली तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध अपना संघर्ष आगे भी जारी रखेगी।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अमन रॉय, पीयूष भारती, ऋषि किशन, राजा यादव, अंकित आनंद, दिव्यांशु, अनमोल, सुमित, लक्ष्मण एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story