संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए नागरिकों का जागरूक होना जरूरी : गौतम कुमार

WhatsApp Channel Join Now
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए नागरिकों का जागरूक होना जरूरी : गौतम कुमार


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। बिहार जनसंघर्ष समिति की ओर से संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को ‘संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों पर बढ़ता हमला’ विषय पर एक विमर्श का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष गौतम कुमार ने की, जबकि संचालन सुभाष कुमार प्रसाद ने किया। विमर्श को संबोधित करते हुए अध्यक्ष गौतम कुमार ने कहा कि वर्तमान दौर में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को सचेत और जागरूक होना होगा।

उन्होंने 26 नवंबर 1949 के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान सभा द्वारा अंगीकृत इस दस्तावेज ने भारत को एक लोकतांत्रिक गणराज्य बनाया और हर नागरिक को स्वतंत्रता, समानता व बंधुत्व के सूत्र में पिरोया। वक्ता उज्ज्वल घोष और मो. बेलाल अंसारी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व वाली प्रारूप समिति के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी किताब नहीं, बल्कि सदियों से जातिगत उत्पीड़न, छुआछूत और आर्थिक असमानता झेल रहे वंचितों, दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और महिलाओं के सम्मानजनक जीवन की गारंटी है। मो. बाकिर हुसैन ने जातिवार जनगणना को लेकर चिंता जताई।

उन्होंने जनगणना में एससी-एसटी की तर्ज पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग श्रेणी और जाति कोड की व्यवस्था न होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि सटीक आंकड़ों के बिना सामाजिक न्याय की नीतियां बनाना कठिन है। वहीं, मंजर आलम ने कहा कि लोकतंत्र का अर्थ सिर्फ चुनाव कराना नहीं, बल्कि संस्थाओं की स्वतंत्रता और सत्ता की जवाबदेही तय करना भी है। विमर्श के अंत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 6 दिसंबर को डॉ. अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस और बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी के मौके पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मो. अब्दुल फरीद, मो. जहांगीर आलम, मो. एहतेशाम आलम और मिनसार सहित कई लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782993 Articles

Share this story