भागलपुर में जुटेंगे देशभर के दिग्गज ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ
भागलपुर, 18 जून (हि.स.)। भागलपुर में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है।
बिहार ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के तत्वावधान में पूर्वी भारत का प्रतिष्ठित वार्षिक ऑर्थोपेडिक सम्मेलन मिडकॉन 2026 का आयोजन 20 और 21 जून को भागलपुर में किया जाएगा। भागलपुर ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि इस सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ, सर्जन और चिकित्सक हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन में ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, ट्रॉमा सर्जरी, स्पोर्ट्स इंजरी, आर्थोस्कोपी, बाल अस्थि रोग, रोबोटिक एवं नेविगेशन आधारित सर्जरी समेत हड्डी और जोड़ से जुड़ी आधुनिक चिकित्सा तकनीकों पर चर्चा होगी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. बिहारी लाल ने बताया कि यह सम्मेलन केवल चिकित्सा ज्ञान का मंच नहीं बल्कि अनुभवों और नई तकनीकों के आदान-प्रदान का अवसर भी होगा। इससे बिहार में ऑर्थोपेडिक चिकित्सा को नई पहचान मिलेगी भागलपुर ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में देश के कई प्रसिद्ध डॉक्टर शामिल होंगे और अपने अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन के दौरान वैज्ञानिक सत्रों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने कहा कि मिडकॉन 2026 के माध्यम से भागलपुर को राष्ट्रीय स्तर पर चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

