प्रो. राजेश कुमार मिश्रा ने संभाला एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर के मानद निदेशक का पदभार

WhatsApp Channel Join Now
प्रो. राजेश कुमार मिश्रा ने संभाला एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर के मानद निदेशक का पदभार


भागलपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर ग्रामीण अर्थशास्त्र एवं सहकारी प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष प्रो. राजेश कुमार मिश्रा ने शनिवार को एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर बिहार एवं झारखंड के मानद निदेशक के रूप में पदभार ग्रहण किया।

उल्लेखनीय है कि एग्रो इकोनॉमिक रिसर्च सेंटर भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा पोषित एक बेहद महत्वपूर्ण शोध संस्थान है। देशभर में स्थापित कुल 12 केंद्रों में से बिहार एवं झारखंड का यह केंद्र स्थापना के क्रम में पूरे देश में दूसरे स्थान पर आता है। यह संस्थान कृषि अर्थव्यवस्था, किसानों की समस्याओं, ग्रामीण विकास और कृषि नीतियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक शोध कार्य करता है।

पदभार ग्रहण करने के बाद मानद निदेशक प्रो. राजेश कुमार मिश्रा ने अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया। उन्होंने कहा, इस केंद्र को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त तथा प्रभावी बनाना मेरी प्राथमिकता होगी। बिहार और झारखंड के किसानों की समस्याओं, कृषि क्षेत्र की चुनौतियों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं नीति-उपयोगी शोध को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शोध से निकलने वाले निष्कर्षों को कृषि विकास और किसान कल्याण की सरकारी नीतियों से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

प्रो. मिश्रा के पदभार संभालने से उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों राज्यों की कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े शोध कार्यों को एक नई गति और दिशा मिलेगी। इस खास अवसर पर केंद्र परिसर में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें रिसर्च सेंटर के सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक मौजूद रहे।

उपस्थित होने वालों में ग्रामीण अर्थशास्त्र एवं सहकारी प्रबंधन विभाग के डॉ. रंजन कुमार सिंहा, डॉ. राजीव कुमार सिंहा, डॉ. राजकमल, डॉ. संतोष, डॉ. अश्वजीत राठौर शामिल थे। इनके अलावा स्नातकोत्तर संगीत विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. अंजु कुमारी, औद्योगिक संबंध एवं कार्मिक प्रबंधन विभाग की प्रो. निर्मला प्रसाद, गांधी विचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. अमित रंजन सिंह तथा टीएनबी कॉलेज के इतिहास विभाग के अध्यक्ष डॉ. रविशंकर कुमार चौधरी ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर प्रो. मिश्रा को इस नई और बड़ी जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story