प्रो. पुष्पम नारायण ने एमआरएम कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्या का संभाला पदभार

WhatsApp Channel Join Now
प्रो. पुष्पम नारायण ने एमआरएम कॉलेज की प्रभारी प्रधानाचार्या का संभाला पदभार


दरभंगा, 01 सितंबर (हि.स.)। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर संगीत एवं नाट्य विभाग की पूर्व विभागाध्यक्ष एवं ललित कला संकाय की पूर्व अध्यक्ष प्रो. पुष्पम नारायण ने एमआरएम महिला महाविद्यालय, दरभंगा की प्रभारी प्रधानाचार्या का पदभार ग्रहण किया। स्वागत सह विदाई समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. एल.पी. जायसवाल ने उन्हें प्रभार सौंपा। महाविद्यालय परिवार ने पाग, चादर एवं बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।

प्रो. पुष्पम नारायण ने कहा कि छात्राओं का हित उनकी पहली प्राथमिकता होगी। अध्ययन-अध्यापन, शैक्षणिक विकास, मूल्यांकन और रोजगारोन्मुख नए पाठ्यक्रमों की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि छात्राएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण और बेहतर समन्वय को दूसरी प्राथमिकता बताया। साथ ही छात्राओं में अनुशासन, रैगिंग मुक्त परिसर, पुस्तकालय के अधिकतम उपयोग तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया।

पूर्व प्रधानाचार्य प्रो. एल.पी. जायसवाल ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय के चहुंमुखी विकास की उम्मीद जताई। समारोह में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद रहे। सभी ने प्रो. पुष्पम नारायण को शुभकामनाएं दीं तथा प्रो. जायसवाल को भावभीनी विदाई दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story