बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा
भागलपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। भागलपुर शहर में गुरुवार को बाबू वीर कुंवर सिंह जयंती के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जीरोमाइल चौक पर वीर योद्धा बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इस दौरान बड़ी संख्या क्षत्रिय समाज के लोग मौजूद रहे। जय भवानी और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
माल्यार्पण के बाद जीरोमाइल चौक से एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें शहर के विभिन्न इलाकों से आए लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा जीरोमाइल चौक से निकलकर तिलकामांझी, मनाली चौक, आदमपुर चौक होते हुए टाउन हॉल पहुंची। पूरे रास्ते में लोगों का जोश देखते ही बन रहा था।
जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और फूल बरसाकर सम्मान प्रकट किया। इस मौके पर शहर के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर बाबू वीर कुंवर सिंह के वीरता और बलिदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह ने देश की आजादी के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
तपती गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। कड़ी धूप में भी बड़ी संख्या में लोग शोभायात्रा में शामिल रहे और पूरे जोश के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। खासकर युवाओं और बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

