स्टेशन चौक से निकलेगी मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
स्टेशन चौक से निकलेगी मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


भागलपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। सिल्क सिटी भागलपुर के विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापित मां काली की प्रतिमाओं के विसर्जन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मंगलवार देर रात से शहर की सभी प्रतिमाएं विसर्जन शोभायात्रा के लिए स्टेशन चौक पर कतारबद्ध होने लगेंगी। परंपरा के अनुसार, रात करीब 12 बजे सबसे पहले परबत्ती की मां बुढ़िया काली की प्रतिमा स्टेशन चौक पहुंचेगी और शोभायात्रा का नेतृत्व करेगी।

विसर्जन का यह सिलसिला बुधवार देर शाम तक जारी रहेगा।

श्री श्री 108 काली महारानी महानगर केंद्रीय महासमिति द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, स्टेशन चौक से सभी प्रतिमाएं क्रमवार कतारबद्ध होकर आगे बढ़ेंगी। शोभायात्रा वैरायटी चौक, कोतवाली थाना चौक, नया बाजार, आदमपुर, खंजरपुर और बरारी चौक होते हुए मुसहरी घाट स्थित कृत्रिम तालाब तक जाएगी, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न होगा।

विसर्जन के दौरान उमड़ने वाले आस्था के जनसैलाब को देखते हुए महासमिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने में जुटे रहेंगे। विसर्जन शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शोभायात्रा मार्ग के प्रत्येक संवेदनशील चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में दंडाधिकारियों के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल, केंद्रीय बल और महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने ध्वनि प्रदूषण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विसर्जन जुलूस में डीजे बजाने पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी है। नियम उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुसहरी विसर्जन घाट पर सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों को जीवनरक्षक उपकरणों के साथ तैनात किया गया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है। वहीं यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विसर्जन मार्ग पर वाहनों के परिचालन को लेकर विशेष रूट डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774702 Articles

Share this story