जय मां काली के उद्घोष से गूंजी सिल्क सिटी: स्टेशन चौक से शुरू हुई मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब
भागलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)।
'जय मां काली' और 'जय बुढ़िया काली' के गगनभेदी जयकारों, ढोल-नगाड़ों की थाप और पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र के करतबों के बीच सिल्क सिटी भागलपुर में मां काली की भव्य विसर्जन शोभायात्रा शुरू हो गई है।
परंपरा के अनुसार, मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 1:00 बजे जैसे ही परबत्ती की ऐतिहासिक 'मां बुढ़िया काली महारानी' की प्रतिमा स्टेशन चौक पहुंची, पूरा इलाका भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। इसके बाद शहर के विभिन्न पूजा पंडालों से आईं लगभग 150 से अधिक प्रतिमाएं स्टेशन चौक पर पंक्तिबद्ध होकर कतार में शामिल हुईं।
भागलपुर की इस ऐतिहासिक विसर्जन यात्रा की यह विशेषता है कि यह करीब 36 घंटों तक अनवरत चलती है। विसर्जन जुलूस का नेतृत्व हमेशा की तरह परबत्ती की प्राचीन बुढ़िया काली महारानी कर रही हैं। स्टेशन चौक पर बने 'श्री श्री 108 काली महारानी महानगर केंद्रीय महासमिति' के मुख्य मंच से सभी प्रतिमाओं के दिव्य दर्शन और स्वागत की व्यवस्था की गई है। विसर्जन रूट पर आगे बढ़ते हुए सबसे अंत में बूढ़ानाथ क्षेत्र की 'मां बम काली' की प्रतिमा विसर्जन के लिए रवाना होगी।
निर्धारित रूट के अनुसार, स्टेशन चौक से कतारबद्ध होने के बाद शोभायात्रा वैरायटी चौक, खलीफाबाग चौक, कोतवाली चौक, नया बाजार, बूढ़ानाथ चौक, माणिक सरकार चौक, आदमपुर चौक और एसएम कॉलेज रोड होते हुए आगे बढ़ेगी। विसर्जन मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने माता की अंतिम विदाई और दर्शन के लिए भव्य तोरण द्वार और फूलों की सजावट की है। महिलाएं और युवा नम आंखों से मां काली को विदाई दे रहे हैं।
गंगा के जलस्तर और पर्यावरण नियमों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। जेएलएनएमसीएच (मायागंज अस्पताल) के पीछे स्थित मुसहरी घाट पर एक स्थाई और दो अस्थाई कृत्रिम तालाबों का निर्माण किया गया है, जहां सभी प्रतिमाओं का बारी-बारी से विसर्जन किया जाएगा। इसके अलावा बूढ़ानाथ घाट पर भी कृत्रिम तालाब की मुस्तैद व्यवस्था है। सुरक्षा के लिहाज से पूरे विसर्जन मार्ग और घाटों पर रैपिड एक्शन फोर्स, दंगा नियंत्रण बल और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं। चप्पे-चप्पे पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है। विशालकाय प्रतिमाओं की ऊंचाई और विसर्जन रूट में आने वाले बिजली के तारों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षात्मक कदम उठाए गए हैं। मंगलवार देर रात से ही नाथनगर, मोजाहिदपुर और टीटीसी पावर सब-स्टेशन के विभिन्न फीडरों से बिजली की आपूर्ति बारी-बारी से रोकी गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, शोभायात्रा के रूट में प्रतिमाओं के आगे बढ़ने के साथ-साथ संबंधित फीडरों की बिजली कटी रहेगी और अंतिम प्रतिमा के गुजरने के बाद ही आपूर्ति पूरी तरह बहाल होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

