सीवान सदर एसडीओ पर लगे आरोपों की होगी जांच, पशुपालन निदेशालय ने डीएम से मांगी रिपोर्ट
सीवान, 02 जून (हि.स.)।
श्री गोपाल कृष्ण गौशाला, सीवान और उसकी प्रबंध समिति द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी सीवान सदर के खिलाफ लगाए गए कथित नियम-विरुद्ध एवं अनुचित कार्यों के आरोपों की जांच अब जिला प्रशासन करेगा।
बिहार सरकार के पशुपालन निदेशालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सीवान को जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
पशुपालन निदेशक उज्ज्वल कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि गौशाला के सचिव श्याम सुंदर अग्रवाल ने विभाग को शिकायत भेजकर एसडीओ सीवान सदर पर गौशाला एवं उसकी प्रबंध समिति के संबंध में कथित नियम-विरुद्ध और अनुचित कार्रवाई करने का आरोप लगाया है।
शिकायत में संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की मांग भी की गई है। निदेशालय ने शिकायत की प्रति जिलाधिकारी को भेजते हुए निर्देश दिया है कि आरोपों की जांच अपने स्तर से कराई जाए और रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
इस सरकारी पत्र के सामने आने के बाद प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। गौशाला प्रबंधन और एसडीओ कार्यालय के बीच चल रहे विवाद ने अब विभागीय जांच का रूप ले लिया है। अब सभी की निगाहें जिलाधिकारी द्वारा कराई जाने वाली जांच और उसकी रिपोर्ट पर टिकी हैं.यदि जांच में शिकायत के आरोप सही पाए जाते हैं तो मामले में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की संभावना बन सकती है। वहीं जांच रिपोर्ट से यह भी स्पष्ट होगा कि गौशाला प्रबंधन और अनुमंडल प्रशासन के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

