एमएम डिग्री कॉलेज में प्रेमचंद-शरतचंद्र स्मृति पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, विजेता छात्र हुए सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
एमएम डिग्री कॉलेज में प्रेमचंद-शरतचंद्र स्मृति पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, विजेता छात्र हुए सम्मानित


भागलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भागलपुर के मुस्लिम माइनॉरिटी (एमएम) डिग्री कॉलेज में प्रेमचंद-शरतचंद्र स्मृति कमेटी की ओर से रविवार को पुरस्कार वितरण समारोह का सफल आयोजन किया गया।

इस समारोह में पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं (गीत, संगीत, निबंध और नाटक) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सफल प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कृत और सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कमेटी के अध्यक्ष तापस घोष ने की। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कुलपति डॉ. फारूक अली, विशिष्ट अतिथि डॉ राजीव कांत मिश्रा के साथ-साथ मंच पर डॉ. योगेंद्र, श्रीप्रकाश चौधरी, डॉ. मंजीत सिंह और डॉ. वसीम राजा जैसी प्रबुद्ध हस्तियां मौजूद रहीं।

वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि मुंशी प्रेमचंद और शरतचंद्र का साहित्य समाज का आईना है और हमारी सबसे बड़ी धरोहर है, जिससे युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। आयोजन के दौरान लगभग 200 से अधिक सफल छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना पुरस्कार के रूप में प्रमाणपत्र और प्रेमचंद और शरतचंद्र के साहित्य से जुड़ी पुस्तकें प्रदान की गईं।

इस मौके पर रंगग्राम टीम द्वारा प्रसिद्ध कहानियों पर आधारित नाटकों का शानदार मंचन भी किया गया, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस पूरे समारोह को सफल बनाने में कमेटी के सचिव रवि कुमार सिंह के साथ-साथ रामदेव सिंह, अमन कुमार सिंह, विनय कुमार, डॉ. अलका, कपिल देव रंग और दीपक कुमार जैसे आयोजकों व विचारकों ने मुख्य भूमिका निभाई और सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760452 Articles

Share this story