छठ महापर्व पर गंगा में निजी नावों के परिचालन पर सोमवार तक पूर्ण रोक, 43 जगहों पर सीसीटीवी से निगरानी

WhatsApp Channel Join Now

भागलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय हादसे को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं।

प्रशासन के आदेशानुसार, शनिवार से लेकर सोमवार तक जिले से होकर बहने वाली गंगा नदी में सभी प्रकार की निजी नावों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस अवधि के दौरान नदी में केवल प्रशासनिक कार्यों और राहत-बचाव के लिए अधिकृत सरकारी नावों का ही संचालन किया जाएगा।

छठ घाटों पर भीड़ नियंत्रण और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने तकनीक का सहारा लिया है। जिले के 14 प्रमुख छठ घाटों के 43 संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से जिला नियंत्रण कक्ष से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही खतरनाक और गहरे पानी वाले घाटों को चिह्नित कर वहां मजबूत बैरिकेडिंग की गई है ताकि व्रती और श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें।

बिहार आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत छठ घाटों और उसके आसपास के इलाकों में पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी करने पर भी पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। नदी में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की टीम, प्रशिक्षित गोताखोर, तैराक, मोटरबोट और जीवन रक्षक उपकरण तैनात किए गए हैं। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग), लाउडस्पीकर से लगातार उद्घोषणा और बिजली के तारों की पूर्व जांच सुनिश्चित की गई है।

किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर मेडिकल टीम, एंबुलेंस और क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। प्रशासन ने नाविकों और आम नागरिकों से नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की है, अन्यथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story