सदर अस्पताल के बाहर खड़े निजी एम्बुलेंस के विरुद्ध छापेमारी, दो निजी एम्बुलेंस जब्त

WhatsApp Channel Join Now
सदर अस्पताल के बाहर खड़े निजी एम्बुलेंस के विरुद्ध छापेमारी, दो निजी एम्बुलेंस जब्त


अररिया 24 अक्टूबर(हि.स.)। डीएम विनोद दूहन के निर्देश पर शनिवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी दीक्षित श्वेतम द्वारा सदर अस्पताल के बाहर खड़े निजी एम्बुलेंस के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल के बाहर खड़े दो निजी एम्बुलेंस को पकड़ा गया तथा विधिसम्मत कार्रवाई हेतु नगर थाना ले जाया गया।

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य विभाग के सचिव द्वारा निर्गत पत्र के माध्यम से निर्देश दिया गया है कि किसी भी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान के परिसर के अंदर अथवा बाहर, मुख्य द्वार के समीप या आसपास निजी एम्बुलेंस का अनधिकृत पड़ाव नहीं होना चाहिए। उक्त निर्देश के अनुपालन एवं सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आने वाले मरीजों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीएम के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन को सूचना प्राप्त हो रही थी कि कुछ निजी एम्बुलेंस संचालक सरकारी अस्पतालों के बाहर अपने वाहन खड़े रखते हैं तथा सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों एवं अन्य निजी स्वास्थ्य संस्थानों में इलाज कराने के लिए प्रेरित करते हैं। इस कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को अनावश्यक रूप से भारी आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ता है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के परिसर एवं आसपास निजी एम्बुलेंस के अनधिकृत पड़ाव तथा मरीजों को अनुचित तरीके से निजी स्वास्थ्य संस्थानों में ले जाने से संबंधित गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story