वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक थे सम्राट पृथ्वीराज चौहान

WhatsApp Channel Join Now
वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक थे सम्राट पृथ्वीराज चौहान


पूर्णिया, 16 मई (हि.स.)।

पूर्णिया में आज बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक संघ के सभागार में महान योद्धा सम्राट सम्राट पृथ्वीराज चौहान की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता लोजपा के वरिष्ठ नेता माधव सिंह ने की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने सम्राट पृथ्वीराज चौहान के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान भारतीय इतिहास के ऐसे वीर योद्धा थे, जिन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों के खिलाफ अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी वीरता और संघर्ष आज भी युवा पीढ़ी को अन्याय के खिलाफ खड़े होने और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में माधव सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन भारतीय संस्कृति, राष्ट्र गौरव और वीर परंपरा के संरक्षण के लिए आवश्यक हैं। वहीं राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के सचिव अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि सम्राट पृथ्वीराज चौहान केवल एक राजा नहीं, बल्कि भारतीय अस्मिता और आत्मसम्मान के महान प्रतीक थे।

बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक संघ पूर्णिया के वरिष्ठ सदस्य दिनकर स्नेही ने राष्ट्रभक्ति और सांस्कृतिक एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। कार्यक्रम में अमित कुमार सिंह, बबलू कुमार सिंह, नवीन कुमार सिंह, दीपक कुमार सिंह, लाल बहादुर सिंह, डॉ. मनोज सहित कई लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नंदकिशोर सिंह

Share this story