राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर हुआ मंथन

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर हुआ मंथन


राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारिता की चुनौतियों और जिम्मेदारियों पर हुआ मंथन


सुपौल, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार, 16 नवंबर को जिला प्रशासन, सुपौल के तत्वावधान में प्रेस क्लब में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, बदलती चुनौतियों और समाज के प्रति मीडिया की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस की थीम (पत्रकारिता: लोकलुभावन या जिम्मेदार) रखी गई थी। इस विषय पर वक्ताओं ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार सहित जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े कई पत्रकार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता की बदलती भूमिका और वर्तमान दौर में मीडिया के सामने मौजूद चुनौतियों पर गंभीर विमर्श हुआ।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन और प्रसारण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को सामने लाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण आधार भी है।

पत्रकारों पर समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी होती है। इसलिए समाचारों के संकलन, सत्यापन और प्रसारण के दौरान निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

चर्चा के दौरान इस बात पर भी जोर दिया गया कि आज के दौर में खबरों की तेजी के साथ उनकी विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के विस्तार से सूचनाओं का प्रसार काफी तेज हुआ है। ऐसे में किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद जरूरी है। बिना पुष्टि के खबरों का प्रसारण समाज में भ्रम और गलतफहमी पैदा कर सकता है।

वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य तथ्यों के आधार पर जनता तक सही, सटीक और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना होना चाहिए। जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देना, सामाजिक सरोकारों को सामने लाना और पत्रकारिता के उच्च आदर्शों एवं मूल्यों को बनाए रखना प्रत्येक पत्रकार का दायित्व है। कार्यक्रम के माध्यम से पत्रकारों ने अपने पेशेवर दायित्वों और लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story