नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर

WhatsApp Channel Join Now
नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर


भागलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। सामाजिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए रोटरी क्लब भागलपुर एवं महावीर सेवा सदन द्वारा आयोजित होने वाले नि:शुल्क कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर को लेकर गुरुवार को प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।

इस दौरान आयोजकों ने शिविर से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। प्रेस वार्ता में बताया गया कि उम्मीद की किरण 2026 के तहत यह शिविर 07, 08 और 09 अप्रैल 2026 को भागलपुर के दीप प्रभा परिसर में आयोजित किया जाएगा।

शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस शिविर में दिव्यांगजनों को पूरी तरह नि:शुल्क कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे अपने दैनिक जीवन को अधिक सहजता और आत्मनिर्भरता के साथ जी सकें।

आयोजकों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों को सहारा देना है। इसके लिए लाभार्थियों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया है और अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की गई है। परियोजना से जुड़े पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि इस शिविर में अनुभवी विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी, जो लाभार्थियों की जांच कर उन्हें उपयुक्त कृत्रिम अंग प्रदान करेगी। साथ ही मौके पर ही परामर्श और फिटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा, प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि इच्छुक लाभार्थी अपने आवश्यक अंग से संबंधित जानकारी व्हाट्सएप पर वीडियो बनाकर भेज सकते हैं, जिससे उनका पंजीकरण पहले ही हो जाएगा।

शिविर में आने के दिन लाभार्थियों को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा, जिसके बाद उन्हें कृत्रिम अंग प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। आयोजकों ने आम लोगों से अपील किया कि वे इस जानकारी को जरूरतमंदों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस मानव सेवा के कार्य का लाभ उठा सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story